
बुलंदशहर। जनपद पुलिस ने गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी में पूरे प्रदेश में नाम रोशन किया है। सीईआईआर पोर्टल पर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बुलंदशहर पुलिस ने उत्तर प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को सम्मानित कर हौसला बढ़ाया।
दूरसंचार विभाग द्वारा संचालित केन्द्रीय उपकरण पहचान पंजीकरण पोर्टल का मुख्य उद्देश्य चोरी व गुम हुए मोबाइल फोन को तलाश कर बंद करना है। प्रदेश मुख्यालय स्तर पर हुई समीक्षा में बरामदगी और कार्य की गुणवत्ता के आधार पर जनपदों का मूल्यांकन किया गया, जिसमें बुलंदशहर पुलिस ने 31 मार्च 2026 तक 2170 मोबाइल फोन बरामद किए।

इस सराहनीय कार्य के लिए लखनऊ में आयोजित विधि प्रवर्तन एजेंसी सम्मेलन में नोडल अधिकारी पुलिस अधीक्षक अपराध नरेश कुमार को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया था। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने पुलिस अधीक्षक अपराध नरेश कुमार, निगरानी प्रकोष्ठ प्रभारी सुधीर कुमार व उनकी पूरी टीम को प्रशस्ति पत्र व नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
