
बुलंदशहर। त्योहारों के सीजन में मिलावटखोरों के खिलाफ फूड सेफ्टी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। खुर्जा जंक्शन क्षेत्र के गांव कलंदरगढ़ी में अरारोट और केमिकल पदार्थों से मिलावटी छैना रसगुल्ला बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है।

जानकारी के अनुसार चौधरी स्वीट्स का बोर्ड लगाकर अवैध रूप से यह फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। सूचना पर पहुंची फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने मौके से भारी मात्रा में अरारोट और केमिकल से तैयार किया गया मिलावटी छैना-रसगुल्ला बरामद किया, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया।

टीम ने बताया कि बेहद गंदे हालातों में रसगुल्ले बनाए जा रहे थे, रसगुल्लों में मक्खियां और मच्छर तक डूबे मिले। विभाग ने मिलावटी रसगुल्ला और उसे बनाने में इस्तेमाल होने वाली सहायक सामग्री के 4-5 नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
