बुलंदशहर/ गुलावठी । रील बनाने के चक्कर में महिलाओं पर छींटाकशी करना एक युवक को भारी पड़ गया। गुलावठी पुलिस ने महिलाओं पर फब्तियां कसते हुए वीडियो बनाकर वायरल करने वाले युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार 28 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था। वीडियो थाना गुलावठी क्षेत्र का बताया जा रहा था, जिसमें एक युवक सड़क पर आती-जाती महिलाओं पर अश्लील फब्तियां कस रहा था। वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने खुद ही मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
थाना गुलावठी पर मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान कर उसे दबोच लिया। पकड़ा गया वह कस्बा गुलावठी का रहने वाला है।
पूछताछ में आरोपी के परिजनों ने बताया कि युवक मानसिक रूप से कमजोर है और उसे दौरे भी पड़ते हैं, जिसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने परिजनों को सख्त हिदायत दी है कि उसे अकेले बाहर न घूमने दें।

पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि आरोपी शातिर किस्म का है, उस पर पहले से चोरी और आर्म्स एक्ट के तीन मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार शर्मा, उप निरीक्षक अखिल मिश्रा, आनंद कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
