सिकंदराबाद / चोला। थाना क्षेत्र के फतेहपुर चौकी के सामने एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि गोद में बैठा उसका डेढ़ साल का मासूम बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक की पहचान गांव गंगरौल निवासी राजू के 24 वर्षीय पुत्र अंकित के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अंकित देर शाम अपने मासूम बेटे के साथ बाइक से ककोड़ से गांव लौट रहा था। फतेहपुर चौकी के सामने फ्लाईओवर से उतरकर वह गांव की ओर मुड़ने लगा, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि अंकित उछलकर सड़क पर दूर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मासूम को निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।

हादसे की खबर गांव पहुंचते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने फतेहपुर जादौन चौकी के सामने ककोड़-बुलंदशहर मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया, जिससे लंबा जाम लग गया।
सूचना पर एसडीएम सिकंदराबाद रविंद्र प्रताप सिंह, चोला पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देकर समझाया-बुझाया। इसके बाद जाम खुलवाकर यातायात सुचारु कराया गया। पुलिस आरोपी कार चालक की तलाश में जुटी है।
