मेरठ/बुलंदशहर। पुलिस की कार्यप्रणाली से जुड़ी सीसीटीएनएस रैंकिंग में मेरठ परिक्षेत्र ने प्रदेश में शानदार प्रदर्शन किया है। परिक्षेत्र के तीन जनपद टॉप-10 में शामिल हुए हैं।

डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी ने बताया कि मुख्यालय पुलिस तकनीकी सेवाएं लखनऊ द्वारा हर माह 16 पैरामीटर्स के आधार पर रैंकिंग जारी की जाती है, जिसमें डेटा सिंक, अपराध विश्लेषण पोर्टल, शिकायतों का निस्तारण और गिरफ्तार व गुमशुदाओं की फीडिंग प्रमुख है।
माह सितंबर 2026 के डाटा के अनुसार जारी रैंकिंग में सर्वोच्च प्रदर्शन करने वाले 10 जनपदों में जनपद मेरठ ने प्रदेश में तीसरी, बुलंदशहर ने छठी और हापुड़ ने नौंवी रैंक हासिल की है।
डीआईजी ने बताया कि पिछले माह रेंज के सभी जनपदों की सीसीटीएनएस की समीक्षा कर दिशा-निर्देश दिए गए थे, जिस पर मेरठ, बुलंदशहर और हापुड़ की टीमों ने अच्छा कार्य किया।
डीआईजी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बुलंदशहर और पुलिस अधीक्षक हापुड़ की सराहना करते हुए सभी जनपदों को शत-प्रतिशत फीडिंग करने और भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया है।
