सिकंदराबाद। सब्जी लेने बाजार गई महिला को दो युवकों ने लाखों रुपये का लालच देकर ठगी का शिकार बना लिया। आरोपी महिला के सोने के कुंडल, अंगूठी और नकदी लेकर फरार हो गए। पीड़िता ने अज्ञात ठगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार सलेमपुर रोड निवासी माया शनिवार को सब्जी लेने बाजार गई थी। विजय द्वार के पास दो युवक उसे मिले। युवकों ने महिला को बातों में उलझा लिया। आरोपियों ने एक रुमाल में बंधा मोटा बंडल दिखाते हुए कहा कि इसमें लाखों रुपये हैं। उन्होंने महिला से कहा कि इसे अपने पास रख लो और हमें खाना खिला दो, बाद में आधा-आधा बांट लेंगे।
पीड़िता ने पैसे न होने की बात कही तो ठगों ने रुमाल में बंधा बंडल उसे थमा दिया और कहा कि इसमें लाखों रुपये हैं। बातों में उलझाकर आरोपियों ने महिला से उसके सोने के कुंडल, अंगूठी और पास मौजूद नकदी ठग ली और मौके से फरार हो गए। बाद में रुमाल खोलने पर उसमें कागज के टुकड़े निकले।
पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
