जनगणना 2027: सिकंदराबाद नगरीय क्षेत्र के प्रगणक और सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण शुरू, एसडीएम ने दिए निर्देश

सिकंदराबाद। भारत की जनगणना 2027 के द्वितीय चरण जनसंख्या गणना को लेकर सिकंदराबाद नगरीय क्षेत्र के प्रगणकों और सुपरवाइजरों का त्रिदिवसीय प्रशिक्षण रविवार से शुरू हो गया है। प्रशिक्षण में प्रतिभाग करने वाले सुपरवाइजर और प्रगणकों को जनगणना की बारीकियों और मोबाइल ऐप के उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है।

प्रशिक्षण का आयोजन जेपी इंटरनेशनल स्कूल, एसडीएम कॉलोनी, सिकंदराबाद में किया जा रहा है। प्रशिक्षण शिविर में मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रगणकों को घर-घर जाकर जनगणना करने की प्रक्रिया, फॉर्म भरने और डिजिटल माध्यम से डेटा अपलोड करने की जानकारी दी जा रही है।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने फोटोग्राफ और वीडियो के माध्यम से भी प्रशिक्षण दिया। इस दौरान बताया गया कि जनगणना देश का सबसे बड़ा प्रशासनिक कार्य है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सभी प्रगणक पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करें।
बताया गया कि नगरीय क्षेत्र के सभी वार्डों के लिए अलग-अलग प्रगणक और सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। प्रशिक्षण के बाद सभी अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर जनगणना का कार्य करेंगे।
