सिकंदराबाद / ककोड़। रात के अंधेरे में बिजली के खंभों से तार गायब कर बिजली विभाग को चूना लगाने वाले एक बड़े गिरोह का ककोड़ पुलिस और स्वाट टीम ने पर्दाफाश किया है। जेवर रोड से पकड़े गए इस गैंग के तार अमरोहा से लेकर दिल्ली और बिहार तक जुड़े मिले हैं।
बृहस्पतिवार को मुखबिर की सटीक सूचना पर स्वाट टीम और ककोड़ पुलिस ने जेवर रोड पर घेराबंदी कर लोडर और स्विफ्ट कार सवार 8 बदमाशों को दबोच लिया। तलाशी में आरोपियों के पास से 6 कुंतल चोरी का एल्यूमीनियम तार, तीन तार कटर, दो तमंचे मय कारतूस और दो चाकू बरामद हुए हैं।

पकड़े गए बदमाश अमरोहा, बिजनौर, बुलंदशहर और बिहार के रहने वाले हैं। पुलिस पूछताछ में गैंग ने थाना नरसैना के माकड़ी और चंदियान रोड पर हुई पिछली तार चोरियों का भी जुर्म कबूल किया है। यह गैंग रात के अंधेरे में खंभों से तार काटकर लोडर में भरकर बेच देता था।
थाना ककोड़ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सभी 8 आरोपियों को जेल भेज दिया है। पुलिस का मानना है कि इस बड़ी कार्रवाई से इलाके में तार चोरी की घटनाओं पर लगाम लगेगी।

