सिकंदराबाद।दीपावली के पावन पर्व पर 64 विधानसभा क्षेत्र के ठाकुर अर्जुन सिंह ने रविवार को नगर में सघन भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने बाजार में दुकान-दुकान जाकर व्यापारियों और क्षेत्रवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। नगर भ्रमण के दौरान भारी संख्या में युवा उनके साथ मौजूद रहे और जगह-जगह उनका स्वागत किया गया।

व्यापारियों की सुरक्षा और पारदर्शी व्यवस्था पर जोर
भ्रमण के दौरान व्यापारियों से संवाद करते हुए अर्जुन सिंह ने अपना विजन साझा किया और कहा कि व्यापारी समृद्ध होंगे, तो सिकंदराबाद समृद्ध होगा। उन्होंने अपने ‘समृद्ध सिकंदराबाद’ के संकल्प को दोहराते हुए स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी व्यवस्था लागू करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी और उगाही या अनावश्यक उत्पीड़न के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रोजगार और बुनियादी सुविधाओं का संकल्प
युवाओं की भारी उपस्थिति के बीच अर्जुन सिंह ने कहा कि उनका लक्ष्य सिकंदराबाद में बेहतर सड़क, ट्रैफिक और स्वच्छ बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। प्रदूषण मुक्त औद्योगिक क्षेत्र के साथ-साथ नए रोजगार और स्थानीय व्यापार में निवेश को बढ़ावा देने पर भी उन्होंने जोर दिया। इसके अलावा, उन्होंने क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा और हर परिवार के लिए सुरक्षित व विकसित माहौल बनाने का संकल्प व्यक्त किया।


