
सिकंदराबाद। तहसील क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है। एसडीएम रवींद्र प्रताप के निर्देशन में नायब तहसीलदार राजीव कुमार और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने पिछले एक महीने में अवैध खनन में लिप्त 3 जेसीबी, 6 डंपर और 10 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए हैं।

गुरुवार 23 अक्टूबर को थाना सिकंदराबाद क्षेत्र के ग्राम फरीदपुर में कार्रवाई के दौरान अवैध खनन कर रही 1 जेसीबी और 2 डंपर (एक मिट्टी से भरा व एक खाली) जब्त किए गए। नायब तहसीलदार राजीव कुमार और खनन अधिकारी ब्रजमोहन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। जब्त वाहनों को चौकी निजामपुर परिसर में खड़ा कराया गया है।
इससे पहले 19 अक्टूबर को ककोड़ क्षेत्र में ककोड़ रोड पर औचक निरीक्षण के दौरान अवैध मिट्टी परिवहन कर रही 1 ट्रैक्टर-ट्रॉली को कागजात न होने पर कब्जे में लेकर थाने में जमा कराया गया। वहीं 14 अक्टूबर को ग्राम धनौरा में अवैध खनन कर रही जेसीबी सीज किया गया।
एसडीम रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अभियान आगे भी जारी रहेगा।
