सिकंदराबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव मेहताब नगर पुलिया के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन युवक की बाइक में टक्कर मारकर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान बड़ौदा गांव निवासी मनीष (22) पुत्र ज्ञानचंद के रूप में हुई है। बताया गया है कि मनीष फैक्ट्री से देर रात ड्यूटी खत्म कर बाइक से अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह मेहताब नगर पुलिया के पास पहुंचा, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को सीएचसी लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है।
