सिकंदराबाद। भारत विकास परिषद संस्कार शाखा द्वारा गुरुवार देर रात नगर के सिंघल स्वीट्स परिसर में दीपावली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, स्वामी विवेकानंद और सरदार वल्लभ भाई पटेल के चित्रों के समक्ष मातृशक्ति व वरिष्ठ सदस्यों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद सभी सदस्यों ने वंदेमातरम का वाचन किया।

कार्यक्रम में वीएस सक्सेना ने दीपावली मिलन के महत्व पर प्रकाश डाला, जबकि सतीश चंद्र गर्ग ने सरदार पटेल जयंती की पूर्व संध्या पर उनके कार्यों को याद किया। इस दौरान शाखा सदस्यों के परिजनों व बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिस पर सभी को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समारोह में हस्तशिल्प कला का स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहा।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। मंच संचालन अध्यक्ष विभोर गुप्ता व महिला संयोजिका माधुरी गर्ग ने किया। इस मौके पर सचिव ईश्वर चंद, कोषाध्यक्ष राकेश तितोरिया, आरके गुप्ता, शिव प्रकाश काका, जुगल किशोर बंसल, अतुल गोयल, नितिन अग्रवाल, अनिल मोघा सहित कई सदस्य मौजूद रहे।
