बुलंदशहर। स्याना थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। थल तिराहे पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध टेंपो को रोकने का प्रयास किया, तो उसमें सवार बदमाशों ने टेंपो को कच्चे रास्ते पर दौड़ाकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके एक साथी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। तीसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में कॉम्बिंग जारी है।

पकड़े गए बदमाशों की पहचान दीपक निवासी आदर्श नगर कॉलोनी हापुड़ और देवेंद्र निवासी थाना हाफिजपुर हापुड़ के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों शातिर किस्म के अपराधी हैं और कुछ दिन पहले चिंगरावठी चौकी क्षेत्र के एक स्कूल में हुई चोरी की वारदात में शामिल थे।

पुलिस ने मौके से अवैध तमंचे, कारतूस, चोरी की लाइसेंसी बंदूक, एलईडी टीवी, मॉनिटर, इन्वर्टर, बैटरे और नकदी बरामद की है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
