बुलंदशहर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने कैंप कार्यालय पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई।

इस दौरान उपस्थित सभी पुलिसकर्मियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करने तथा देशवासियों के बीच एकता का संदेश प्रसारित करने का संकल्प लिया। साथ ही देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपना योगदान देने की भी शपथ ली।

एसएसपी ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हमें सरदार पटेल के आदर्शों, दूरदर्शिता और राष्ट्र के एकीकरण में उनके अमूल्य योगदान का स्मरण कराता है। यह दिन समाज में आपसी सद्भाव, भाईचारे और एकजुटता को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।
