चोला में पुलिस और 50 हजार के इनामी गौ तस्कर में मुठभेड़, पैर में गोली लगने से घायल होकर गिरफ्तार
बुलंदशहर। थाना चोला क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने 50 हजार रुपये के इनामी गौ तस्कर के साथ हुई मुठभेड़ में उसे घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से सरकारी पिस्टल और कारतूस बरामद हुए हैं।

जानकारी के अनुसार थाना चोला क्षेत्र में गौकशी की घटना में वांछित चल रहे आरोपी मुकीम पुत्र बाबू निवासी ग्राम सुतारी को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। मेडिकल के लिए ले जाते समय गैस गोदाम के पास बाइक फिसलने से वह पुलिसकर्मी की पिस्टल लेकर फरार हो गया।

सूचना पर प्रभारी निरीक्षक चोला ने स्वाट टीम के साथ घेराबंदी की तो आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है।
बताया गया कि इस गौकशी की घटना में पुलिस पहले ही 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है और एक पर एनएसए की कार्रवाई भी हो चुकी है। आरोपी मुकीम लगातार फरार चल रहा था, जिस पर मेरठ परिक्षेत्र के डीआईजी द्वारा 50 हजार का इनाम घोषित था।
