भगवान श्रीराम के राजतिलक के साथ रामलीला का भव्य समापन, जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर

सिकंदराबाद।नगर में चल रही रामलीला का रविवार रात भगवान श्रीराम के राजतिलक के साथ भव्य समापन हो गया। श्री रामलीला कमेटी के तत्वावधान में श्री आदर्श राधिका कृष्ण कला मंडल एवं रामलीला मंडल वृंदावन धाम द्वारा आयोजित रामलीला कबाड़ी बाजार स्थित मंदिर भजनलाल में संपन्न हुई। राजतिलक के दौरान मंदिर परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
राजतिलक समारोह का शुभारंभ भजन-कीर्तन के साथ हुआ। कमेटी के प्रधान पंडित सचिन शर्मा, चेयरमैन पंडित राकेश शर्मा, प्रभारी अरविंद दीक्षित और प्रबंधक राहुल गुप्ता सहित पदाधिकारियों ने भगवान श्रीराम और माता सीता सहित सभी स्वरूपों की आरती की। इसके बाद गुरु वशिष्ठ ने विधि-विधान से प्रभु श्रीराम का राजतिलक किया। कार्यक्रम का संचालन अर्जुन दीक्षित द्वारा किया गया। लीला वाचक व्यास पंकज भारद्वाज ने भजनों के माध्यम से राजतिलक प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया।
प्रधान पंडित सचिन शर्मा ने कहा – “भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा और त्याग का प्रतीक है। रामलीला के माध्यम से नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से जोड़ने का प्रयास किया गया है।”

चेयरमैन पंडित राकेश शर्मा ने कहा – “रामलीला केवल मंचन नहीं, बल्कि संस्कार है। सभी कलाकारों और सहयोगियों ने दिन-रात मेहनत कर इस आयोजन को भव्य बनाया।”
समापन अवसर पर झांकियों के संचालकों और कलाकारों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
